राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मंगलवार सुबह से ही आसमान पर काले बादल छा गए और इसके बाद नोएडा व गाजियाबाद के कई हिस्सों में तेज़ बारिश होने लगी। लगातार बढ़ती गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए यह बारिश बड़ी राहत लेकर आई है।
हालांकि, 2 अक्टूबर से बारिश में कमी आने लगेगी। आसमान में बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन तेज़ बारिश की संभावना कम हो जाएगी। 3 और 4 अक्टूबर को मौसम आंशिक रूप से बादलभरा रह सकता है, जबकि 5 अक्टूबर तक आसमान मुख्य रूप से साफ हो जाएगा। इस दौरान तापमान धीरे-धीरे गिरकर अधिकतम 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री तक पहुंच सकता है।.
बारिश के बाद सड़कों पर ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई और कई जगहों पर जलभराव से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं, बच्चों और युवाओं ने इस बारिश का जमकर आनंद लिया। सोशल मीडिया पर भी बारिश की तस्वीरें और वीडियो साझा कर लोगों ने अपनी खुशी जताई।
किसानों के लिए यह बारिश लाभकारी साबित हो सकती है, खासकर उन इलाकों में जहां देर से बोई गई फसल को पानी की आवश्यकता थी। विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की विदाई से पहले हुई यह बारिश मौसम का संतुलन बनाए रखने में सहायक होगी।